जल की विविध अवस्थाओं की यात्रा | प्रश्न – उत्तर–कक्षा 6 NCERT

NCERT कक्षा 6 की पुस्तक "जिज्ञासा"

पाठ - 8 जल की विविध अवस्थाओं की यात्रा

- अभ्यास कार्य

NCERT की कक्षा 6 के किताब “जिज्ञासा” के पाठ के द्वारा आप विज्ञान के अद्भुत संसार के बारे में जानेंगे। इस नए विषय “विज्ञान” के द्वारा आप अपने आस-पास के रोचक तथ्यों को जानने की ओर अग्रसर रहेंगे। हमारे आस पास जो भी घटनाएं हो रहीं है वह क्यों हो रही हैं उसे खोजने के लिए विज्ञान ही हमें प्रेरित करता हैं जैसे फूलों का खिलना, आकाश में तारों का चमकना, सेब का पेड़ से नीचे गिरना इत्यादि। यह सभी उदाहरण विज्ञान के अंतर्गत खोजे जाने वाले रहस्यों के उदाहरण में से एक हैं।

हम “जल की विविध अवस्थाओं की यात्रा” पाठ का अध्ययन करने के बाद इससे सम्बंधित कुछ प्रश्नों को निकालेंगे और उनके उत्तर का वर्णन करेंगे।

1. निम्नलिखित में से कौन-सा संघनन का सबसे अच्छा वर्णन करता है? 
 
(क) जल का वाष्प के रूप में परिवर्तन।
(ख) जल का द्रव से गैसीय अवस्था में बदलने का प्रक्रम।
(ग) छोटी जल की बूँदों से बादलों का बनना।
(घ) जल वाष्प का उसकी द्रव अवस्था में परिवर्तन। 
उत्तर – (घ) जल वाष्प का उसकी द्रव अवस्था में परिवर्तन। 
2. नीचे की दी गयी प्रक्रियाओं में से किस प्रक्रिया में वाष्पीकरण बहुत महत्वपूर्ण है- 
(क) रंग भरना 
 
(i) क्रेयॉन से
(ii) पानी के रंगों से
(iii) ऐक्रेलिक रंगों से
(iv) पेंसिल रंगों से 
 
उत्तर – (ii) पानी के रंगों से  
 
(ख) कागज पर लिखना 
 
(i) पेंसिल से
(ii) स्याही वाले पेन से
(iii) बॉल पॉइंट पेन से 
 
उत्तर – (ii) स्याही वाले पेन से 
3. आजकल हमें कई जगह हरे रंग की प्लास्टिक की घास दिखाई देती है। प्राकृतिक घास के आस-पास का स्थान प्लास्टिक की घास के आस-पास के स्थान की तुलना में अधिक ठंडा लगता है। क्या आप पता लगा सकते हैं कि ऐसा क्यों है? 
उत्तर – ऐसा इसलिए होता है क्योंकि प्राकृतिक घास में नमी होती है जो सूर्य की ऊर्जा के कारण वाष्पित हो जाती है जिससे उसके आसपास के क्षेत्र का तापमान कम हो जाता है और हमें ठंडक का अनुभव होता है लेकिन प्लास्टिक की घास में वाष्पीकरण की कोई प्रक्रिया नहीं होती है इसलिए इसके आसपास का क्षेत्र हमें ठंडा नहीं लगता है। 
4. जल के अतिरिक्त अन्य द्रव पदार्थों के उदाहरण दीजिए जो वाष्पित हो सकते हैं। 
उत्तर – जल के अलावा अन्य द्रव पदार्थ जो वाष्पित हो सकते है उनके उदाहरण इस प्रकार हैं- 
  1. थिनर (nail polish remover)
  2. Sanitizer 
  3. परफ्यूम
  4. पेट्रोल 
5. पंखे हवा को इधर-उधर घुमाते हैं जिससे ठंडक महसूस होती है। गीले कपड़ों को सुखाने के लिए पंखों का उपयोग विचित्र लग सकता है क्योंकि पंखे की हवा वस्तुओं को ठंडा करती है, गरम नहीं। सामान्यतः जब जल वाष्पित होता है तो उसे ऊष्मा की आवश्यकता होती है, ठंडी वायु की नहीं। आपका इस विषय में क्या सोचना है? 
उत्तर – पंखे के चलने से हवा का प्रवाह बढ़ जाता है जिससे गीले कपड़ों से जल तेजी से वाष्पित हो जाता है। वाष्पीकरण एक ऐसी प्रक्रिया है जिसके लिए ऊष्मा की आवश्यकता होती है जो कपड़ों से प्राप्त होती है। पंखे की हवा वाष्पीकरण की इस प्रक्रिया को तेज कर देती है इसलिए पंखे की हवा में कपड़े जल्दी सूख जाते हैं।
6. प्रायः जब नालियों से कीचड़ निकाला जाता है तो नाली के बगल में उसका ढेर बनाकर तीन से चार दिनों के लिए छोड़ दिया जाता है। इसके बाद इसे उद्यान या खेत में ले जाया ज्ञाता है जहाँ इसका उपयोग खाद के रूप में कर सकते हैं। यह विधि कीचड़ को दूसरे स्थान पर ले जाने की लागत कम करती है और इसके साथ ही काम करने वाले व्यक्तियों की सुरक्षा बढ़ाती है। इस पर विचार करें और बताएँ कि ऐसा क्यों है? 
उत्तर – नालियों से कीचड़ निकलने पर उसे नाली के बगल में ढेर बनाकर दो से चार दिनों के लिए इसलिए छोड़ दिया जाता है जिससे उसमें उपस्थित जल वाष्पित हो जाए और उसे आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सके। ऐसा करने से इसमें मौजूद हानिकारक सूक्ष्मजीव भी नष्ट हो जाते हैं जिससे उसके आसपास काम करने वाले व्यक्ति बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं।
7. एक दिन के लिए घर में होने वाली गतिविधियों का अवलोकन करें। उन गतिविधियों की पहचान करें जिनमें वाष्पीकरण सम्मिलित है? वाष्पीकरण के प्रक्रम को समझने से हमें अपनी दैनिक गतिविधियों में कैसे सहायता मिलती है? 
उत्तर – घर में होने वाली कुछ ऐसी गतिविधियां जिसमें वाष्पीकरण सम्मिलित है उनका वर्णन इस प्रकार है- 
  1. पोछा लगाने पर फर्श का सूखना- गीली फर्श का वाष्पीकरण की प्रक्रिया द्वारा सुखना।
  2. बर्तन धोने के बाद उसका सूखना- गीले बर्तनों का पानी वाष्पित होकर सूख जाता है।
  3. गीले कपड़ों का सूखना- गीले कपड़ों का सूर्य के प्रकाश तथा हवा में सूखना। इसमें जल वाष्पित हो जाता है। 
  4. इसके अलावा कई अन्य गतिविधियां होती है जिनमें वाष्पीकरण की प्रक्रिया शामिल है जैसे भोजन पकाने में, पानी उबलने में इत्यादि। 
8. प्रकृति में जल ठोस अवस्था में किस प्रकार विद्यमान है? 
उत्तर – प्रकृति में जल बर्फ, हिम, हिमखंड, ओले आदि के रूप विद्यमान हैं। 
9. “जल हमारे अधिकार से पहले हमारी जिम्मेदारी है” इस कथन पर विचार करें। अपने विचार साझा करें। 
उत्तर – जल एक ऐसा प्राकृतिक संसाधन है जो पृथ्वी पर सीमित मात्रा में है। इसका इस्तेमाल हमें ध्यानपूर्वक करना चाहिए और इसे व्यर्थ रूप से नहीं बहाना चाहिए। आज भी ऐसे कई क्षेत्र है जहां पानी की कमी है और लोगों को पानी के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है इसलिए जल हमारे अधिकार से पहले हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस संसाधन को उचित ढंग से इस्तेमाल करें जिससे वर्तमान में और भविष्य में कभी पानी की किल्लत न हो। 
10. धूप में खड़े दुपहिया वाहन की सीट गरम हो जाती है। आप उसे ठंडा कैसे करेंगे? 
उत्तर – धूप में खड़े दुपहिया वाहन की सीट गरम हो जाती है उसे ठंडा करने के लिए हम पानी का या गीले कपड़े का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा हम यह कर सकते हैं कि अपनी गाड़ी को छाव में खड़ा करें और सीट कवर का इस्तेमाल करें जिससे सीट ज्यादा गर्म ना हो।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top